खाजूवाला: स्कूल जाती बच्ची को 10 दिन तक छेड़ते रहे मनचले, मां समझाने गई तो की मारपीट; मामला दर्ज
R.खबर ब्यूरो। खाजूवाला क्षेत्र में एक 12 वर्षीय छात्रा के साथ लगातार छेड़छाड़, धमकियों और परिवार पर हमले का गंभीर मामला सामने आया है। गांव के ही कुछ मनचले युवक कई दिनों से छात्रा का पीछा कर रहे थे, रास्ता रोकते थे और अश्लील हरकतें करते थे। डर का आलम यह है कि स्कूली छात्रा अपनी अर्धवार्षिक परीक्षा तक छोड़ने को मजबूर हो गई है और घर में कैद होकर रह रही है।
बाइक पर जबरन बैठाने की कोशिश:-
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि 28 नवंबर को आरोपी मोटरसाइकिल से आए और छात्रा को जबरन हाथ पकड़कर बाइक पर बैठाने की कोशिश की। मनचलों ने साफ धमकी दी थी कि “हम तो ऐसे ही करेंगे” और “इस लड़की को उठाकर ले जाएंगे”। पुलिस ने 8 नामजद युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मां ने रोका तो मारपीट और बेइज्जती:-
जब बच्ची की मां ने आरोपियों को रोकने का प्रयास किया तो तीन युवकों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और अभद्रता की। शोर सुनकर पड़ोसी दौड़े तो आरोपी वहां से भाग निकले।
लगातार घर के बाहर चक्कर, उठाने की धमकी
पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी घटना के बाद भी नहीं रुके और घर के बाहर लगातार चक्कर लगाते रहे। 2 दिसंबर की सुबह वे कथित तौर पर हथियारों के साथ पहुंचे और फिर से बच्ची को उठा ले जाने की धमकी दी। स्थिति से भयभीत होकर बच्ची स्कूल जाना बंद कर चुकी है।
FIR दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी:-
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छेड़छाड़, मारपीट, आपराधिक धमकी, अपहरण के प्रयास, POCSO एक्ट 7/8, 11/12 एवं IPC की कई धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाधिकारी सुरेन्द्र प्रजापत ने बताया कि सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है और शीघ्र ही गिरफ्तारी की जाएगी।

