राजस्थान में एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, चलते कंटेनर में विस्फोट के बाद लगी आग, चालक जिंदा जला

R.खबर ब्यूरो। लालसोट (दौसा), दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। उत्तर प्रदेश से महाराष्ट्र जा रहा एक AC कंटेनर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे एलईडी पोल से जोरदार टकरा गया। टक्कर इतनी तीव्र थी कि कंटेनर में विस्फोट जैसा धमाका हुआ और देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। चालक केबिन में ही फंस गया और बाहर न निकल पाने के कारण जिंदा जल गया।

डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू:-

जानकारी के अनुसार, कंटेनर AC होने के कारण आग तेजी से फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर लालसोट से दमकल मौके पर पहुंची, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि उसे नियंत्रित करने में करीब डेढ़ घंटे का समय लग गया। इस दौरान कंटेनर पूरी तरह जलकर राख हो गया।

विधायक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे:-

हादसे की खबर मिलते ही लालसोट विधायक रामविलास मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश अग्रवाल, डिप्टी एसपी दीपक कुमार और राहुवास थानाधिकारी गोपाल शर्मा घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया:-

घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है, जिसमें कंटेनर दिल्ली की दिशा से आता दिखाई देता है। अचानक तेज धमाका होता है और कंटेनर आग की लपटों में घिर जाता है। प्रारंभिक संभावना यह जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने से वाहन अनियंत्रित होकर पोल से टकरा गया।