R.खबर ब्यूरो। मुंबई, बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर अटैक हुआ है। जानकारी के अनुसार लुटेरों ने अभिनेता के मुंबई में स्थित घर पर घुसकर रात के 2 बजे धारदार हथियार से हमला किया है। बताया जा रहा है कि सैफ अली खान के शरीर पर 6 बार वार किया है। एक्टर को फिलहाल मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। फिलहाल मुंबई पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि हमला किसने और क्यों किया? मुंबई पुलिस की एक टीम जांच के लिए उनके घर पर पहुंच गई है। सैफ अली खान पर हुए हमले पर मुंबई पुलिस ने बताया कि बुधवार की देर रात 2 बजे एक अज्ञात शख्स एक्टर के घर में घुसा और वहां मौजूद नौकरानी से बहस करने लगा। सैफ अली खान ने दोनों के बीच आकर शख्स को समझाने की कोशिश की। लेकिन गुस्से में शख्स ने सैफ अली खान पर ही अटैक कर दिया। दोनों के बीच हाथापाई भी हुई। इसी दौरान उसने सैफ पर चाकू से 6 बार वार किया।
सूत्रों के मुताबिक एक्टर सैफ अली खान को एक घाव गर्दन पर है और एक रीढ़ के पास है. रीढ़ के पास वाला जख्म थोड़ा गहरा है। इस घटना में एक्टर के घर की नौकरानी भी घायल हो गयी है। हालांकि, नौकरानी को मामूली चोट आई है। बताया जा रहा है कि उनके घर में एक डक्ट है, जो बेडरूम के अंदर जाकर खुलती है। शुरुआती जांच में पुलिस को शक है कि लुटेरे इस डक्ट से ही अंदर घुसे होंगे।