Police Raid: अचानक हाइवे की होटलों में पहुंची राजस्थान पुलिस तो मच गया हड़कंप, इस हाल में मिले MP-UP के 5 युवक-युवती
R.खबर ब्यूरो। लाडनूं, स्थानीय पुलिस ने गुरुवार को हाइवे पर स्थित कई होटलों पर छापा मारते हुए संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त 5 लोगों को गिरफ्तार किया। लंबे समय से शहर और आसपास के इलाकों में स्थित होटलों में अवैध गतिविधियों, खासकर देह व्यापार जैसी गतिविधियों के संचालन की शिकायतें मिल रही थीं।
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने इस मुद्दे पर कई बार जिला कलक्टर सहित अन्य अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की थी। जनसुनवाई के दौरान भी यह मामला प्रमुखता से उठाया गया था। पहले भी पुलिस ने इन होटलों पर दबिश दी थी, लेकिन सूचना लीक होने से कार्रवाई सफल नहीं हो पाई थी।
थानाधिकारी महेन्द्र सिंह पालावत के नेतृत्व में गुरुवार को पुलिस ने अचानक कार्रवाई की। आसोटा और डाबड़ी पुलिया के पास की गई इस छापेमारी में दो युवतियां और तीन युवक संदिग्ध हालत में पकड़े गए।
गिरफ्तार आरोपियों में गोपाल राम पुत्र पूर्णमल दर्जी (नलिया बास, सुजानगढ़), देवीलाल पुत्र गीगराज जाट (जाजोद), शहजाद पुत्र बाबू खान (सुमेरपुर, उत्तर प्रदेश) और दो युवतियां (रतनगढ़ व मध्यप्रदेश निवासी) शामिल हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। सभी पांचों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

