भाजपा जिला उपाध्यक्ष के भाई को लगा करंट, डॉक्टरों ने सीपीआर देकर बचाई जान
चूरू में भाजपा उपाध्यक्ष के भाई को करंट लग गया। बालाजी मंदिर में टेंट लगाते समय मजदूर का सहयोग कर रहे थे, तभी पोल हाईटेंशन लाइन से टच हो गया। करंट लगते ही वह जमीन पर गिर गए और मजदूर सीढ़ियों पर लटक गया। आसपास खड़े लोगों ने गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, उनका हार्ट काम करना बंद कर दिया था। डीबी अस्पताल मेडिकल कॉलेज में इमरजेंसी टीम ने सीपीआर और इलेक्ट्रिक शॉक देकर उनकी जान बचाई। घटना बुधवार शाम नयाबास मोहल्ले की है। इसका वीडियो आज सामने आया है। हादसे में घायल ताराचंद सैनी (45) किशोर न्याय बोर्ड का मेंबर हैं। भाजपा जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र सैनी ने बताया कि मोहल्ले में बालाजी मंदिर के कार्यक्रम के लिए टेंट लगाया जा रहा था। इस दौरान मेरा छोटा भाई ताराचंद सैनी (45) काम कर रहे एक मजदूर की मदद करने लगा। तभी पोल हाईटेंशन लाइन से टच हो गया। हादसे में उनके साथ मजदूर भी झुलस गया। दोनों घायलों को निजी वाहन से डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड लाया गया। ताराचंद की हालत गंभीर थी। अस्पताल पहुंचने पर वह अचेत अवस्था में थे, उनका हार्ट काम नहीं कर रहा था। ईसीजी स्टेट लाइन थी और ऑक्सीजन लेवल व ब्लड प्रेशर शून्य था।

