











PTI भर्ती में जमकर फर्जीवाड़ा: 5,546 पदों पर हुई भर्ती में गलत तरीके से 2,000 से अधिक लोगों को मिली नौकरी, पढ़े पूरी खबर
R.खबर ब्यूरो। राजस्थान, प्रदेश में PTI भर्ती 2022 में फर्जीवाड़े की परतें लगातार खुल रही हैं। मिली जानकारी के अनुसार अब तक 300 से अधिक अभ्यर्थियों पर FIR हो चुकी है। वहीं 1800 से अधिक अभ्यर्थियों की जांच चल रही है। बताया जा रहा है कि मामले में भर्ती शाखा में कार्यरत कार्मिकों की भूमिका भी संदिग्ध है। जिससे शिक्षा विभाग की भर्ती शाखा पर सवाल भी खड़े हो गए हैं।
5,546 पदों की भर्ती में 2,000 से अधिक अभ्यर्थी ऐसे हैं, जिनके खिलाफ एसओजी की कार्रवाई जारी है और विभाग ने दस्तावेज की गहनता से जांच किए बिना ही नियुक्ति दे दी।
एसओजी ने मोटी रकम लेकर नौकरी की बात कही:-
एसओजी ने शिक्षा सचिव को पत्र लिखकर यहां तक कह दिया कि मोटी रकम लेकर नियुक्ति दी जा रही है। इसके बाद भी विभाग ने भर्ती का पुनः सत्यापन नहीं कराया और न ही भर्ती शाखा में बदलाव किया है। भर्ती शाखा में ऐसे कार्मिक तैनात हैं जिन्हें कभी बदला नहीं जाता।
कई कर्मियों की भूमिका संदिग्ध:-
जिन कर्मचारियों को एपीओ किया या हटाया, वापस उन्हें ही लगा दिया गया। कई कार्मिकों की भूमिका संदिग्ध होने के बाद भी एलडीसी भर्ती की जिम्मेदारी उन्हें ही दे दी गई। बताया जा रहा है कि भर्ती में 1200 से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन के समय शैक्षणिक संस्थानों के नाम और अन्य जानकारी अलग दी। उनके दस्तावेज जांच में जानकारी अलग मिली। इससे स्पष्ट है कि अभ्यर्थियों ने बाद में फर्जी तरीके से डिग्री हासिल की।
ऐसे हुआ फ्रॉड का खेल:-
इसके बावजूद भर्ती शाखा ने ऐसे अभ्यर्थियों से शपथ पत्र लेकर भूलवश जानकारी गलत भरने का कारण बताकर नियुक्ति दे दी। इस मामले को लेकर शिक्षा सचिव कृष्ण कुणाल और शिक्षा निदेशक सीताराम जाट से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।

 
 