तेज रफ्तार में ओवरटेक की होड़: रोडवेज और लोक परिवहन बस सड़क से उतरीं, अफरा-तफरी मची, यात्रियों की जान बाल-बाल बची

R.खबर ब्यूरो। राजस्थान, कोटपूतली-वाया बानसूर-अलवर मार्ग पर गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8:30 बजे अलवर से बानसूर की ओर जा रही एक रोडवेज बस और एक लोक परिवहन बस तेज रफ्तार में एक-दूसरे को ओवरटेक करने की कोशिश में हमीरपुर के पास सड़क से उतरकर मिट्टी में फंस गईं।

हादसे के बाद बसों में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए चीख-पुकार का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। सौभाग्य से किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों बसें काफी तेज रफ्तार में थीं और आगे निकलने की होड़ में यह हादसा हुआ। हादसे के बाद दोनों बस चालक मौके से फरार हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर लोक परिवहन बसें अक्सर अत्यधिक गति से दौड़ती हैं और यात्रियों की सुरक्षा की अनदेखी की जाती है। ग्रामीणों और यात्रियों ने प्रशासन से ऐसे लापरवाह चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।