राजस्थान: इस जगह दिनदहाड़े 12वीं के छात्र का अपहरण, झाड़ियों में गंभीर रूप से घायल मिला; इलाके में दहशत

R.खबर ब्यूरो। राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। सदर थाना क्षेत्र के सामरिया गांव में मंगलवार दोपहर अज्ञात बदमाशों ने 12वीं कक्षा के एक छात्र का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया। अपहरणकर्ताओं ने छात्र को करीब तीन से चार किलोमीटर दूर एक सुनसान इलाके में ले जाकर बेरहमी से पीटा और फिर झाड़ियों में फेंक दिया। छात्र गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

दुकान से सामान लेने गया था छात्र:-

जानकारी के मुताबिक, सामरिया गांव निवासी धनपाल पुत्र वागजी रोज की तरह मंगलवार को स्कूल गया था। लंच ब्रेक के दौरान वह स्कूल के पास स्थित दुकान से कुछ सामान लेने गया था। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोग उसे जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर ले गए। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने उसे स्कूल से लगभग तीन-चार किलोमीटर दूर एक सुनसान स्थान पर ले जाकर बुरी तरह पीटा और फिर वहीं घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए।

देर शाम मिली जानकारी, परिजनों ने की खोज:-

जब देर शाम तक धनपाल घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद वह झाड़ियों में अचेत और घायल अवस्था में मिला। परिवारजन उसे घर लेकर आए, लेकिन हालत गंभीर होने पर बुधवार को उसे सदर थाना ले जाया गया, जहां पुलिस को पूरी घटना बताई गई।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू:-

परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इसके बाद छात्र को महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। फिलहाल छात्र ने अपहरणकर्ताओं को पहचानने से इनकार किया है, जिससे जांच और जटिल हो गई है।

थानाधिकारी बोले— जल्द होगा खुलासा

सदर थानाधिकारी बुधाराम बिश्नोई ने बताया, “परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। छात्र के बयान और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीमें जांच में जुट गई हैं। जल्द ही इस वारदात का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।”