Rajasthan: 5 साल के बच्चे को सांप ने डसा, मां ने समझा चूहे ने काट लिया; मातम में बदली दिवाली की खुशियां

R.खबर ब्यूरो। राजस्थान, दीपावली के पावन पर्व पर जहां एक ओर पूरा देश रोशनी और खुशियों में डूबा था, वहीं अलवर जिले के जमालपुर गांव में एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। चारपाई पर सो रहे 5 वर्षीय मासूम को सांप ने डस लिया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

रात के सन्नाटे में रोता रहा बच्चा, मां को लगा चूहे ने काटा:-

यह हादसा सोमवार रात करीब 1 बजे हुआ। जमालपुर निवासी बंटी सिंह का 5 वर्षीय पुत्र अपने बिस्तर पर सो रहा था, जब अचानक सांप ने उसे डस लिया। बच्चा रोने लगा, लेकिन मां को पहले लगा कि शायद कोई चूहा काट गया है। जब काफी देर तक बच्चा चुप नहीं हुआ तो उन्होंने अन्य परिजनों को बुलाया।

बिस्तर में छिपा बैठा था सांप, मच गई अफरा-तफरी:-

परिजन जब बिस्तर के आसपास देखने लगे तो उन्होंने वहां सांप को देखा। यह देखकर पूरे घर में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में बच्चे को मालाखेड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे अलवर रेफर किया गया। दुर्भाग्यवश, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गांव में शोक की लहर, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल:-

इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में गमगीन माहौल छा गया है। दीपावली की रात यह घटना गांव के लिए एक दर्दनाक याद बन गई।