Rajasthan: 5वीं क्लास की बच्ची ने किया सुसाइड, अर्द्धवार्षिक परीक्षा देकर लौटी थी घर
R.खबर ब्यूरो। राजस्थान, अजमेर के देहली गेट स्थित पुरानी बकरा मंडी क्षेत्र में गुरुवार को एक हृदयविदारक मामला सामने आया। 5वीं कक्षा में पढ़ने वाली 12 वर्षीय सोनाक्षी ने अर्द्धवार्षिक परीक्षा देकर घर लौटने के कुछ ही समय बाद कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार, सोनाक्षी रोज की तरह स्कूल गई थी और परीक्षा देकर घर पहुंची। वह सीधे अपने कमरे में चली गई। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों को चिंता हुई। आवाज देने पर भी कोई हरकत नहीं हुई तो दरवाजा तोड़ा गया, जहां बच्ची फंदे से लटकी मिली। उसे तुरंत जेएलएन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पिता नशामुक्ति केंद्र में और मां पीहर:-
सूचना मिलते ही गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी में भिजवाया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बच्ची के पिता शराब की लत के कारण नशामुक्ति केंद्र में भर्ती हैं, जबकि लगातार तनाव के चलते उसकी मां कुछ समय से मायके में रह रही थी। ऐसे में सोनाक्षी और उसका बड़ा भाई वीर घर पर अकेले रहते थे और दोनों की देखरेख चाचा सुरजीत करते थे। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और परिजनों व पड़ोसियों से पूछताछ जारी है।

