राजस्थान: सरकारी स्कूल में अचानक कुल्हाड़ी लिए पहुंची महिला, स्कूल में मचा कोहराम

R.खबर ब्यूरो। भीलवाड़ा, शक्करगढ़ थाना क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक विद्यालय भरनी खुर्द में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक महिला कुल्हाड़ी लेकर स्कूल परिसर में घुस आई और शिक्षकों पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए धमकियां देने लगी। अचानक हुए इस विवाद से छोटे बच्चे घबराकर इधर-उधर हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने थाने में रिपोर्ट पेश कर महिला पर कार्रवाई की मांग की है।

“ज्यादा बोलोगे तो कुल्हाड़ी से काट दूंगी” — महिला की धमकी

शिक्षकों और ग्रामीणों के अनुसार, बीजेटा गेरूठा निवासी वनकर्मी होकमाराम मीणा की पत्नी माना देवी मीणा स्कूल की जमीन को अपना बताते हुए कुल्हाड़ी लेकर विद्यालय में पहुंच गई। महिला का कहना था कि विद्यालय का भवन उसकी जमीन पर बना है, इसलिए वह बच्चों को यहां पढ़ने नहीं देगी। इस दौरान उसने शिक्षकों को धमकी देते हुए कहा—“ज्यादा बोले तो कुल्हाड़ी से काट दूंगी।”

वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू होते ही बदला व्यवहार

जब अध्यापकों ने उसकी हरकत का वीडियो बनाना शुरू किया तो महिला कुछ देर के लिए रुक गई। इसके बाद वह बरामदे में बैठकर कुल्हाड़ी को तेज धार देने लगी और बच्चों को डरा-धमकाकर वहां से भागने को कहा।

रास्ता बंद कर बच्चों व शिक्षकों को रोका

महिला के साथ उसका पुत्र फूलचंद और पुत्री रेशमा भी शामिल थे। तीनों ने मिलकर विद्यालय के रास्ते पर कांटे लगा दिए, जिससे बच्चों और शिक्षकों का आना-जाना बंद हो गया। महिला की आक्रामक हरकतों से बच्चे काफी भयभीत हो गए और स्कूल का माहौल तनावपूर्ण हो गया। ग्रामीणों और शिक्षकों ने घटना की पूरी जानकारी पुलिस को दी है और आरोपी महिला के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।