Rajasthan: अशोक गहलोत का बड़ा आरोप, कहा- संचार साथी ऐप से हर नागरिक की जासूसी कर रही भाजपा सरकार
R.खबर ब्यूरो। राजस्थान, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि मोबाइल फोन में ‘संचार साथी’ ऐप के माध्यम से नागरिकों की निजता का उल्लंघन किया जा रहा है और यह सरकार की ओर से जासूसी का प्रयास है।
“सर्विलांस राज का नया स्तर”
गहलोत ने लिखा कि यह सर्विलांस का ऐसा स्तर है जिसमें कोई भी नागरिक अपने मोबाइल पर किससे और क्या बात कर रहा है, यह सब सरकार की निगरानी में आ जाएगा।
सुरक्षा के तर्क पर सवाल:-
उन्होंने कहा कि यदि इसे सुरक्षा कारणों से उचित ठहराया जा रहा है, तो इसके लिए पहले से ही निर्धारित नियम और कानूनी प्रक्रियाएं मौजूद हैं। गहलोत के अनुसार, यह कदम नागरिकों को डराने और ब्लैकमेल करने की कोशिश है, जिसका सभी को मिलकर विरोध करना चाहिए।
क्या है संचार साथी ऐप?
‘संचार साथी’ एक साइबर सुरक्षा ऐप है, जो एंड्रॉयड और iOS दोनों पर उपलब्ध है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त 2025 तक इसे 50 लाख से अधिक बार डाउनलोड किया जा चुका है, और इस ऐप की मदद से 22 लाख 76 हजार से ज्यादा डिवाइस खोजे जाने का दावा किया गया था।

