Rajasthan: आपसी विवाद में कैंपर से कुचलने की कोशिश, पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार
R.खबर ब्यूरो। तारानगर, आपसी रंजिश को लेकर युवक पर कैम्पर गाड़ी चढ़ाकर हत्या का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। तारानगर सीआई सतपाल विश्नोई ने बताया कि 15 मई 2025 को भनीण निवासी अभिषेक पुत्र कालूराम भलाऊ टिब्बा बस स्टैंड पर खड़ा था। इसी दौरान भलाऊ टिब्बा के विनोद पूनियां, चंगोई के राकेश उर्फ रोकी नायक, सुरेश कस्वां उर्फ जख्मी जाट, सचिन खेरवा, तारानगर के युसूफ पटवा और भावलदेसर के विजेंद्र जाट आपसी रंजिश के चलते एकराय होकर बोलेरो कैम्पर में पहुंचे।

आरोप है कि सभी आरोपी बरछी, कुल्हाड़ी, पिस्तौल, लाठी, डंडे व हॉकी लेकर गाड़ी से उतरते ही अभिषेक पर टूट पड़े और गाली-गलौच करते हुए उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। अभिषेक जान बचाकर भूतासिद्ध मंदिर (थान) की ओर भागा, लेकिन आरोपियों ने वाहन में बैठकर उसका पीछा किया और जान से मारने की नीयत से तेज रफ्तार कैम्पर से उसे टक्कर मार दी। बाद में गाड़ी अभिषेक के ऊपर से निकालकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और मरा समझकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए आईजी बीकानेर रेंज के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक चूरू जय यादव ने विशेष टीम का गठन किया। जांच के बाद तारानगर पुलिस ने कुलदीप उर्फ टोनी पुत्र श्योराम मेघवाल (21) निवासी सुखवासी, राकेश उर्फ रॉकी पुत्र मोहर सिंह नायक (20) निवासी चंगोई और विनोद कुमार पुत्र महेंद्र सिंह जाट (27) निवासी भलाऊ टिब्बा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों द्वारा घटना में प्रयुक्त बोलेरो कैम्पर गाड़ी को भी बरामद कर लिया है।

