Rajasthan: दीपावली बाद दफ्तर खोलने को लेकर असमंजस, कर्मचारी संगठनों ने 21 अक्टूबर को अवकाश घोषित करने की मांग की

R.खबर ब्यूरो। जयपुर, राजस्थान सरकार के कर्मचारियों में दीपावली के बाद कार्य दिवस को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है। दीपावली के दूसरे दिन 21 अक्टूबर (मंगलवार) को सरकारी दफ्तर खुले रहेंगे, जबकि 22 अक्टूबर को गोवर्धन पूजा और 23 अक्टूबर को भाई दूज के अवसर पर राजकीय अवकाश रहेगा।

ऐसे में कर्मचारियों और अधिकारियों को बीच में सिर्फ एक दिन के लिए दफ्तर पहुंचना होगा। इसको लेकर कर्मचारी संगठनों ने असंतोष जताया है। उनका कहना है कि अधिकांश कर्मचारी दीपावली अपने गृह जिलों में मनाते हैं, इसलिए 21 अक्टूबर को कार्यालय पहुंचना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है।

संगठनों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से इस दिन को राजकीय अवकाश घोषित करने की मांग की है। उनका कहना है कि 18 से 23 अक्टूबर तक त्यौहारों की लड़ी चल रही है, जिसमें केवल 21 अक्टूबर ही कार्य दिवस है। एक दिन के कार्य से न तो सरकारी कामकाज सुचारू रहेगा और न ही कर्मचारियों को सुविधा मिलेगी।

फिलहाल सरकार की ओर से 21 अक्टूबर को नियमित कार्य दिवस घोषित किया गया है, और कर्मचारियों को दफ्तर में उपस्थित रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।

अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) के प्रदेशाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह राठौड़ ने कहा — जनहित में मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से 21 अक्टूबर को राजकीय अवकाश घोषित करने की गुहार की है। इस दिन का अवकाश घोषित होने से कर्मचारियों और प्रशासन दोनों को सहूलियत मिलेगी।