Rajasthan: भूलकर भी ना घुसना राजस्थान के इस इलाके में, इंडियन आर्मी को मिली फायरिंग की छूट
R.खबर ब्यूरो। महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही तेल चोरी और घुसपैठ की वारदातों के बाद सैन्य अधिकारियों ने अब कड़ा रुख अपनाया है। रेंज क्षेत्र में रात के समय अवैध रूप से प्रवेश करने वालों पर नियंत्रण के लिए ड्यूटी पर तैनात सशस्त्र संतरी को आवश्यक होने पर हथियार का उपयोग करने की अनुमति दी गई है। इस संबंध में सेना ने आसपास की ग्राम पंचायतों और पुलिस थानों को लिखित सूचना भी भेज दी है।
सैन्य सूत्रों के अनुसार, हाल के दिनों में बड़ी संख्या में बाहरी लोग पिकअप और अन्य वाहनों में रात के अंधेरे का फायदा उठाकर रेंज क्षेत्र में घुस रहे थे और वाहनों से पेट्रोल-डीजल की चोरी कर रहे थे। बार-बार ऐसी घटनाएं सामने आने से सैनिक और अधिकारी गंभीर रूप से चिंतित थे।
समीक्षा बैठक में तय किया गया कि रेंज में रात्रिकालीन सुरक्षा को और सख्त किया जाए। अब रात में कोई संदिग्ध व्यक्ति घुसता है तो उसे पहले चेतावनी दी जाएगी, लेकिन भागने की स्थिति में संतरी को फायरिंग करने की छूट रहेगी।
गांवों में प्रसारित की गई चेतावनी:-
रेंज के एडम कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल अजेय ग्रेवाल ने आदेश की प्रतियां आसपास की ग्राम पंचायतों के सरपंचों के साथ महाजन, राजियासर, छतरगढ़ और लूणकरनसर पुलिस थानों को भेजी हैं। रेंज के चारों कैंपों के आस-पास बसे गांवों में भी इस चेतावनी को सार्वजनिक किया गया है।
सोमवार से भारत-यूके संयुक्त सैन्य अभ्यास:-
इधर, महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में सोमवार से भारत और यूनाइटेड किंगडम (यूके) का संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘अजेय वॉरियर’ का आठवां संस्करण शुरू होने जा रहा है। यह अभ्यास 14 दिन तक चलेगा। इसका उद्देश्य आतंकवाद-रोधी अभियानों और आधुनिक युद्ध परिस्थितियों में दोनों सेनाओं के बीच तालमेल को मजबूत करना है। इस दौरान दोनों देशों के सैनिक संयुक्त ऑपरेशन, हथियारों की जानकारी और भाषायी संवाद साझा करेंगे।
भारतीय सेना की सप्त शक्ति कमान के रणबांकुरा डिवीजन द्वारा शनिवार को रेगिस्तानी क्षेत्र में युद्ध तैयारी और परिचालन क्षमता का मूल्यांकन किया गया। सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह ने इस अभ्यास का निरीक्षण किया।

