Rajasthan: शादी में रौब जमाने के लिए लाल-नीली बत्ती वाली कार में घूम रहा था MP का फर्जी इंस्पेक्टर, पुलिस ने ऐसे दबोचा
R.खबर ब्यूरो। झालावाड़ पुलिस ने मध्यप्रदेश के एक फर्जी इंस्पेक्टर सहित तीन नकली पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपनी कार पर लाल-नीली बत्ती लगाकर रिश्तेदारों और आसपास के लोगों में रौब जमाते थे। पुलिस ने कार को जब्त करते हुए तीनों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

सीआई रमेश मीणा के अनुसार, बढ़ते अपराधों पर रोक लगाने और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी के लिए पुलिस उपाधीक्षक प्रेम कुमार चौधरी के सुपरविजन में गठित टीम ने जयपुरिया मिल क्षेत्र में एक संदिग्ध कार को रोका। कार चालक बंटी उर्फ रवि बैरवा ने खुद को मध्यप्रदेश पुलिस में ट्रैफिक इंचार्ज बताया।
पहचान पत्र नहीं होने पर खुली पोल:-
कार में बैठा अभिषेक बैरवा और सुनील तोमर ने भी खुद को बंटी का स्टाफ बताया। तीनों के हावभाव संदिग्ध लगने पर पुलिस ने पहचान पत्र और कार की लाल-नीली बत्ती से जुड़े दस्तावेज मांगे, लेकिन कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
पूछताछ में सख्ती बरतने पर बंटी ने स्वीकार किया कि वह रिश्तेदारों की शादी व कार्यक्रमों में दिखावा करने के लिए कार पर बत्ती लगाता था। अभिषेक और सुनील भी इसी योजना का हिस्सा थे।
गिरफ्तारी और मुकदमा दर्ज:-
पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कार को जब्त कर लिया। फर्जी पुलिस बनकर आमजन में भय और भ्रम फैलाने के आरोप में तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

