राजस्थान: प्रदेश के किसानों के लिए आई अच्छी खबर, मंत्री मदन दिलावर ने किया बड़ा दावा
Rajasthan News: जोधपुर, राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर जिला प्रभारी मंत्री मदन दिलावर ने जोधपुर जिले में हुए विकास कार्यों का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड जारी किया। उन्होंने कहा कि सरकार की किसान, महिला, युवा और अंत्योदय केंद्रित नीतियों से जिले में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है।
मंत्री दिलावर ने दावा किया कि जहां पिछली कांग्रेस सरकार में किसानों को रात में बिजली मिलती थी, वहीं वर्तमान सरकार किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठा चुकी है। कई जिलों में यह प्रणाली लागू हो चुकी है और शेष जिलों में 2027 तक पूरी तरह लागू कर दी जाएगी।
कृषि और पशुपालन क्षेत्र में उपलब्धियां:-
मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री वृक्षारोपण अभियान के तहत 20 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं। खाद्य सुरक्षा योजना में 32 लाख अपात्रों को हटाकर 65 लाख नए पात्र लोगों को जोड़ा गया।
कृषि क्षेत्र में दो वर्षों में— 2.23 लाख किसानों को मिनीकिट, 3,305 किसानों को तारबंदी सहायता, 1,160 किसानों को कृषि यंत्र, 800 किसानों को खेत तलाई योजना का लाभ मिला। पशुपालकों के लिए मोबाइल वेटरनरी यूनिट, 60,546 पशुओं का बीमा, और ऊंटपालकों को बढ़ी हुई सहायता प्रमुख उपलब्धियां बताई गईं।
महिला और युवा सशक्तिकरण पर भी फोकस
महिला सशक्तिकरण के तहत— 13,913 महिलाएं लखपति दीदी योजना से जुड़ीं, 5,605 स्वयं सहायता समूहों को सहायता मिली, 31,564 बालिकाएं लाडो योजना से लाभान्वित हुईं। युवाओं के लिए अनुप्रति कोचिंग, कौशल प्रशिक्षण, विश्वकर्मा योजना और खेल संसाधनों से संबंधित कार्यों को भी मंत्री ने प्रमुख बताया। स्वास्थ्य क्षेत्र में 2.45 लाख आयुष्मान लाभार्थी, पेंशन और पालनहार योजना, तथा पेयजल, बिजली, सड़क, पर्यटन और औद्योगिक क्षेत्रों में निवेश को बड़ी उपलब्धियां बताया गया।
बोले… अभी उपलब्धियां बताने आए हैं, बाकी मुद्दों पर आगे बात करेंगे:-
जब जोधपुर में सरकार द्वारा कराए गए सबसे बड़े काम के बारे में पूछा गया, तो मंत्री स्पष्ट उत्तर नहीं दे सके। शिक्षामंत्री द्वारा पहले की गई सरकारी और निजी स्कूलों में एक समान ड्रेस लागू करने की बात पर भी वे टिप्पणी करने से बचते नजर आए।
जिले में अभी भी कई सड़कें खराब होने और बजट खर्च पर सवाल उठाए जाने पर भी स्पष्ट जवाब नहीं मिला। बनाड़ रोड के दो वर्षों से जर्जर होने के मुद्दे पर मंत्री ने केवल इतना कहा कि— “अगले एक साल में सड़कें दुरुस्त हो जाएंगी।”

