राजस्थान: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, SUV से 400 किलो से अधिक डोडा पोस्त बरामद, तस्कर मौके से फरार

R.खबर ब्यूरो। जोधपुर, बिलाड़ा थाना पुलिस ने जयपुर-जोधपुर हाईवे पर एक एसयूवी को जब्त किया और उसमें भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए। गाड़ी में 24 काले प्लास्टिक के ड्रमों(कट्टों) में कुल 415.52 किलोग्राम डोडा पोस्त रखा गया था। साथ ही एक लोडेड पिस्टल और 4 कारतूस भी मिले।

पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान गाड़ी को रोकने के लिए टायर बर्स्ट किए, लेकिन चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। बाद में पुलिस ने पीछा किया तो चालक वाहन को पिचियाक के पास लूणी नदी ब्रिज पर छोड़कर फरार हो गया। चालक की तलाश जारी है।

जिला पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस के अनुसार, यह कार्रवाई डीएसटी टीम और बिलाड़ा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से की। डीएसटी कांस्टेबल हरेंद्र लोहरा को सूचना मिली थी कि मादक पदार्थों की खेप आ रही है। इसके बाद बिलाड़ा थानाधिकारी सवाई सिंह और डीएसटी प्रभारी श्रवण कुमार भंवरिया के नेतृत्व में पुलिस दल ने हाईवे पर नाकाबंदी लगाई।

पुलिस टीम ने मौके पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसयूवी को जब्त किया और मादक पदार्थों के साथ संदिग्ध वस्तुएं बरामद की। तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच को थानाधिकारी को सौंपी गई है।

एसपी ने बताया कि कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले टीम के सदस्यों—डीएसटी प्रभारी श्रवण कुमार भंवरिया, वीरेंद्र चौधरी, मदन मीणा, मुकन सिंह, हरेंद्र लोहरा, पप्पू राम और थाना स्तर पर सवाई सिंह, अनिल कुमार, दशरथ सिंह, प्रकाश चंद, रामलाल—को जिला पुलिस अधीक्षक की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा।