राजस्थान: सोशल मीडिया पर परीक्षा से 1 घंटे पहले पेपर हुआ वायरल, कई विद्यार्थियों ने ग्रुप में जुड़ने के लिए दिए 500 रूपए

R.खबर ब्यूरो। राजस्थान के अलवर से बड़ी खबर सामने आई है, जंहा राजर्षि भर्तृहरि मत्स्य विश्वविद्यालय में पेपर आउट के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। जानकारी के अनुसार सोमवार को प्रथम सेमेस्टर कम्प्यूटर परीक्षा का पेपर समय से एक घंटे पहले 11 बजे टेलीग्राम और इंस्टा के ग्रुप पर वायरल हुआ।

बताया जा रहा है कि इस ग्रुप में कॉलेज के कई छात्र-छात्राएं जुड़े हुए हैं। खास बात यह है कि इस ग्रुप में शामिल होने के लिए कई बच्चों से 500 रुपए तक लिए गए हैं। इन ग्रुपों पर जूलॉजी सेमेस्टर-1, मैथ्स सेमेस्टर-1, भूगोल, सेमेस्टर-3 और हिंदी पेपर भी परीक्षा से पहले आने की सूचना है। ग्रुप में डेहलाबास-किशनगढ़-बानसूर के विद्यार्थी जुड़े हुए हैं। उधर, कॉलेज के बच्चों को परीक्षा से एक घंटे पूर्व बुलाने की बात भी सामने आई है।

कटघरे में पारदर्शिता:-

मत्स्य विश्वविद्यालय की परीक्षा पारदर्शिता से कराने का दावा किया जाता है, लेकिन जिस तरह से पेपर लगातार लीक हो रहे हैं, उससे सवाल उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर परीक्षा से पहले ही पेपर का आना गंभीर है। इस पर विश्वविद्यालय प्रशासन को ध्यान देना चाहिए। यही नहीं जिन ग्रुप्स पर पेपर आया, उनमें जुड़ने के लिए भी पैसे लिए जा रहे हैं। जबकि सरकार लगातार पेपर लीक को लेकर कार्रवाई की बात कह रही है। ऐसे जालसाजों के चलते पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को निराशा हाथ लगती है। मत्स्य विश्वविद्यालय के अंतर्गत परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों की संख्या 50 हजार है।