Rajasthan Politics: निकाय-पंचायत चुनाव पर मंत्री झाबर सिंह खर्रा का बड़ा बयान, OBC आरक्षण पर दो-टूक, बताया कब होगा इलेक्शन

R.खबर ब्यूरो। राजस्थान में निकाय और पंचायत चुनावों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी बीच नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने बड़े बयान के साथ चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया है। लक्ष्मणगढ़ दौरे के दौरान मंत्री ने ओबीसी आरक्षण पर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट कहा कि राज्य में आरक्षण तय किए बिना किसी भी चुनाव का आयोजन संभव नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह इस विषय पर जनता के बीच अनावश्यक भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।

मंगलवार को मंत्री खर्रा सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ स्थित रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे। यहां उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर निकाली गई ‘एकता पदयात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में उन्होंने पटेल के योगदान को याद किया, लेकिन उनका मुख्य फोकस आगामी चुनावों तथा ओबीसी आरक्षण से जुड़ी राजनीतिक बहस पर ही रहा।

ओबीसी आरक्षण तय होने के बाद ही होंगे चुनाव

मंत्री खर्रा ने कहा कि सितंबर में ही निकाय और पंचायत चुनावों के संबंध में नोटिफिकेशन जारी किया जा चुका है, लेकिन दो महत्वपूर्ण प्रक्रियाएं अभी पूर्ण होना बाकी हैं। पहली—राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग को ओबीसी आबादी से जुड़े अद्यतन आंकड़े जुटाने हैं। दूसरी—राज्य निर्वाचन विभाग को मतदाता सूची का अंतिम संशोधन पूरा करना है। उन्होंने कहा कि इन दोनों प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद ही चुनाव करवाए जाएंगे, और सरकार की मंशा है कि निकाय व पंचायत—दोनों चुनाव एक साथ कराए जाएं।

कांग्रेस पर तीखा प्रहार

विपक्ष पर निशाना साधते हुए मंत्री खर्रा ने कहा कि कांग्रेस बिना ओबीसी आरक्षण व्यवस्था को अंतिम रूप दिए चुनाव कराने की बात कर रही है, जबकि बीजेपी सरकार ऐसा नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि ओबीसी समुदाय के अधिकारों की रक्षा सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है, और चुनाव प्रक्रिया में थोड़ी देरी हो जाए तो भी आरक्षण सुनिश्चित किए बिना कोई भी चुनाव नहीं कराया जाएगा।