राजस्थान: प्रदेश में मानसून की दस्तक की संभावित तारीख तय, जानें कब से होगी झमाझम बारिश
R.खबर ब्यूरो। राजस्थान, देश के पूर्वोत्तर राज्यों में सक्रिय दक्षिण पश्चिमी मानसून झमाझम बरस रहा है। राजस्थान में फिलहाल मानसून की दस्तक में अभी समय है, लेकिन मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मरूधरा में मानसून की एंट्री की आगामी 20 जून तक होने वाली है। बताया जा रहा है कि अभी मानसून पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश से भी दूर है लेकिन बंगाल की खाड़ी में सक्रिय वायुदाब क्षेत्र के प्रभाव से मध्यप्रदेश भी मानसून इस बार तय वक्त से पहले दस्तक देने की प्रबल संभावना बन रही है।
राजस्थान में 20 जून तक एंट्री:-
मौसम विशेषज्ञों की मानें तो राजस्थान में दक्षिण पश्चिमी मानसून 25 जून के आसपास ही दस्तक देता है। लेकिन इस बार केरल तट से लेकर महाराष्ट्र और गुजरात में मानसून की तय वक्त से पहले एंट्री हुई। एंट्री के बाद अनुकूल परिस्थितियां बनने पर मानसून ने देश के पूर्वोत्तर इलाकों की ओर रूख कर लिया। महाराष्ट्र में मानसूनी मेघ जमकर बरसे।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तंत्र का असर आगामी दिनों में कमजोर पड़ने और विंड पैटर्न में बदलाव के साथ पूर्वी पाकिस्तान क्षेत्र में आगामी दो तीन दिन बाद तेज गर्मी का दौर शुरू होने पर फिर से मानसून के आगे बढ़ने की रफ्तार तेज होने की संभावना हैं, ऐसे में राजस्थान में मानसून इस साल भी तय वक्त से पहले और संभावित 20 जून तक दस्तक देने की संभावना है।