राजस्थान: प्रदेश के 11 जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट, 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
R.खबर ब्यूरो। राजस्थान, प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते आज भी कई जिलों में आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा। जानकारी के अनुसार मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 11 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा बाकी जिलों में तापमान में बढोतरी होगी। बताया जा रहा है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद कल से प्रदेश में एक बार फिर गर्मी के तेवर तीखे हो जाएंगे।
11 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट, शेष में बढ़ेगा पारा:-
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 11 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार अलवर, दौसा, धौलपुर, करौली, सवाईमाधोपुर, बूंदी, कोटा, बारां, चित्तौड़गढ़, झालावाड़ और प्रतापगढ़ में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
कल से शुरू होगा हीटवेव का नया दौर:-
मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद 15 मई से गर्मी के तेवर तीखे होंगे। मौसम विभाग ने 15 मई से उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के 3 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने व तापमान में 2-3 डिग्री बढ़ोतरी होने की संभावना है। वहीं, जोधपुर व बीकानेर संभाग के सीमावर्ती क्षेत्रों में 15 मई से अधिकतम तापमान 44-45 डिग्री दर्ज होने व कहीं-कहीं हीटवेव का नया दौर शुरू होने की संभावना है।