आज से बदला समय: जानिए अस्पताल, स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों का नया टाइम टेबल…

R.खबर ब्यूरो। राजस्थान, प्रदेश में आमजन से जुड़े विभागों की नई समय-सारणी 1 अक्टूबर से लागू हो गई है। स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला एवं बाल विकास विभाग ने अपनी अधिसूचनाएं जारी कर दी हैं। इन बदलावों का सीधा असर मरीजों, स्कूली बच्चों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों पर पड़ेगा।

अस्पतालों की ओपीडी टाइमिंग बदली:-

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने सभी सरकारी अस्पतालों की ओपीडी का समय बदल दिया है। अब जिला, उप जिला, सैटेलाइट अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी और उप स्वास्थ्य केंद्रों में ओपीडी सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगी। राजपत्रित अवकाश वाले दिन यह समय सुबह 9 से 11 बजे तक रहेगा। विभाग का कहना है कि इससे मरीजों को परामर्श के लिए अधिक समय मिलेगा और लंबी लाइनों से राहत मिलेगी।

स्कूलों में शीतकालीन समय लागू:-

शिक्षा विभाग ने शिविरा पंचांग के अनुसार 1 अक्टूबर से शीतकालीन समय लागू कर दिया है। अब एकल पारी वाले स्कूल सुबह 10 से शाम 4 बजे तक चलेंगे, जबकि दोहरी पारी वाले स्कूल सुबह 7:30 से दोपहर 12:30 और दोपहर 12:30 से शाम 5:30 बजे तक संचालित होंगे। पिछले तीन वर्षों से गर्मी के कारण यह बदलाव 15 अक्टूबर से किया जाता था, लेकिन इस बार तय तारीख से ही लागू हुआ।

शिक्षक संगठनों की आपत्ति:-

शिक्षक संगठनों ने मांग की थी कि गर्मी को देखते हुए नया समय 12 अक्टूबर के बाद ही लागू किया जाए। उनका कहना है कि अभी गर्मी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है, ऐसे में बच्चों और शिक्षकों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

आंगनबाड़ी केंद्रों का नया समय:-

महिला एवं बाल विकास विभाग ने भी आदेश जारी किए हैं। अब 1 अक्टूबर से 31 मार्च तक आंगनबाड़ी केंद्र सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित होंगे।