राजस्थान में मौसम ने मारी पलटी; इन जिलों में शुरू हुई झमाझम बारिश, कई जिलों में आईएमडी अलर्ट
राजस्थान में मौसम ने मारी पलटी; इन जिलों में शुरू हुई झमाझम बारिश, कई जिलों में आईएमडी अलर्ट
जयपुर। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। गुरुवार को प्रदेश के कई जिलों में दिनभर तेज हवाएं चलीं, जबकि शाम और रात के समय बादल छाने के साथ बारिश और बूंदाबांदी का दौर शुरू हो गया। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और सर्दी का असर दोबारा बढ़ने लगा है। धौलपुर जिले में गुरुवार देर शाम अचानक मौसम बदला। शहर और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवा चलने लगी, जिससे ठंडक बढ़ गई। हालांकि दिन में धूप खिली रही, लेकिन शाम होते-होते हवा की रफ्तार तेज होने से सर्दी के तेवर फिर तीखे नजर आए। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर जिले में भी मौसम ने पलटवार किया। गुरुवार को दिनभर 18 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलीं। शाम के समय बादल छाए और रात को पहले बूंदाबांदी, फिर तेज बारिश शुरू हो गई। इससे पूरे जिले में ठंडक का असर बढ़ गया। जैसलमेर के मोहनगढ़ और रामगढ़ क्षेत्रों में भी रात को हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से रविवार तक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जैसलमेर में कड़ाके की सर्दी बनी रह सकती है। उत्तर राजस्थान के सूरतगढ़ क्षेत्र में भी देर शाम बारिश शुरू हो गई, जिससे ठंडक में इजाफा हुआ। प्रदेश के कई हिस्सों में अचानक बदले मौसम से जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी कुछ जिलों में बादल, हल्की बारिश और ठंडी हवाएं चलने की संभावना जताई है।