











Rajasthan: मेट्रोमोनियल साइट पर शादी का झांसा देकर महिला से 7 लाख की ठगी, आरोपी बिहार से गिरफ्तार
R.खबर ब्यूरो। बारां साइबर पुलिस ने मेट्रोमोनियल साइट के जरिये महिला से ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शादी का झांसा देकर महिला से 7 लाख रुपये की ठगी की थी। पुलिस ने आरोपी को बिहार से दबोचा, फिलहाल उससे पूछताछ जारी है।
मेट्रोमोनियल साइट पर बनाई थी फर्जी प्रोफाइल:-
बारां के पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि 1 मई 2025 को एक महिला ने साइबर थाना बारां में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि उसने जनवरी 2025 में शादी के लिए एक मेट्रोमोनियल साइट पर प्रोफाइल बनाई थी।
वहीं उसकी पहचान एक व्यक्ति से हुई, जिसने खुद को अभिषेक सिंह राजपूत, निवासी आलमबाग (लखनऊ, उत्तर प्रदेश) बताया और कहा कि वह भारतीय सेना के पैरा एसएफ कमांडो के रूप में कार्यरत है।
आरोपी ने सुरक्षा कारणों का हवाला देकर महिला से वीडियो कॉल पर बात करने से इंकार किया और दो माह तक लगातार बातचीत करते हुए उसे भरोसे में ले लिया।
कई बार में भेजे 7 लाख रुपये:-
18 फरवरी 2025 को आरोपी ने महिला को फोन कर परिवार में समस्या का हवाला देते हुए पैसे की मांग की।
महिला ने पहले 18 हजार रुपये यूपीआई से भेजे, जिसके बाद आरोपी ने विभिन्न बहाने बनाकर और रकम मांगी।
विश्वास में आ चुकी महिला ने कुल 7 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
ठगी के बाद तोड़ा संपर्क, आरोपी बिहार से गिरफ्तार:-
रुपये मिलते ही आरोपी ने महिला से संपर्क तोड़ दिया। जांच में पता चला कि ठगी करने वाला व्यक्ति विजय कुमार उर्फ अभिषेक सिंह (32), पुत्र देवी सिंह, निवासी भगवानपुर, मुजफ्फरपुर (बिहार) है।
बारां साइबर थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लोकेशन ट्रेस कर उसे बिहार से गिरफ्तार किया।
अब पुलिस उससे पूछताछ कर ठगी नेटवर्क और अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटा रही है।

