Road Accident: भाजपा नेता व पूर्व सरपंच की सड़क हादसे में मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

R.खबर ब्यूरो। सेवाड़ी (पाली), बाली क्षेत्र के भाजपा नेता और पादरला ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच ओमपाल सिंह चौहान का मंगलवार देर रात सड़क हादसे में निधन हो गया। दुर्घटना सेवाड़ी स्थित भारतीमठ के पास गोलाई के निकट हुई, जहां उनकी कार अनियंत्रित होकर पलट गई। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी रूपसिंह मीणा मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। देर रात शव को बाली अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

ओमपाल सिंह, बाली विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत के करीबी माने जाते थे और लंबे समय से राजनीतिक व सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय थे। उनकी मिलनसार छवि के कारण क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ थी। हादसे की खबर फैलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। विधायक राणावत के निजी सहायक हिम्मत सिंह बीजापुर ने बताया कि विधायक ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि ओमपाल सिंह केवल सहयोगी नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य की तरह थे। भाजपा संगठन और कार्यकर्ताओं ने भी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

हादसे के कारणों को लेकर पुलिस जांच कर रही है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, वे अपनी निजी कार से यात्रा कर रहे थे तभी वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

इधर, घटना की जानकारी मिलते ही बाली जिला अस्पताल की मोर्चरी पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और उनके शुभचिंतक पहुंच गए। उपस्थित लोगों में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह, उपखंड अधिकारी दिनेश विश्नोई, तहसीलदार जितेंद्र सिंह, विकास अधिकारी भोपाल सिंह जोधा, PWDXEN सवाई सिंह, ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी हितेन्द्र बागोरिया, बाली थानाधिकारी परबत सिंह, डॉ. अनिल मीणा शिवतलाव सहित सैकड़ों लोग शामिल रहे।