शादी की खुशियों में झूम रहा था पूरा परिवार, आई ऐसी सूचना की परिजनों के उड़े होश
अजमेर के मदनगंज-किशनगढ़ में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। भारतीय नौसेना में ईआरए-4 टेक्निकल के पद पर कार्यरत एवं अरांई तहसील के गोठियाना गांव के 25 वर्षीय सरदार बैरवा की गुरुवार रात को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। सरदार की 30 नवम्बर को शादी होनी थी और घर में हल्दी और मेहंदी की तैयारियां चल रही थीं। पैतृक गांव गोठियाना में शुक्रवार को राजकीय और नौसेना के सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। परिवार के सदस्यों के साथ सैनिक खुद भी शादी की तैयारियों में जुटा था। अपने मित्रों के साथ किशनगढ़ में शादी की खरीदारी कर रात को घर लौट रहे सैनिक की मोटरसाइकिल को अरांई तहसील क्षेत्र के छोटा लाम्बा और रेबारियों की ढाणी के बीच तेज गति से आ रहे वाहन ने टक्कर मार दी। मोटरसाइकिल चालक युवक सड़क पर गिर गया, जबकि पीछे बैठा सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायल सैनिक और उसके शव को राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में शुक्रवार को सुबह 11.30 बजे मृतक सैनिक का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया। सैनिक की मौत की खबर के बाद गोठियाना गांव में शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं।

