निर्दयी युवक ने पालतू कुत्ते को ट्रांसफार्मर पर फेंका, करंट लगने से दर्दनाक मौत; इलाके में आक्रोश
R.खबर ब्यूरो। राजधानी जयपुर से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भांकरोटा थाना क्षेत्र के जयसिंहपुरा इलाके में शुक्रवार सुबह एक युवक ने अमानवीयता की हद पार कर दी। उसने एक मासूम पालतू कुत्ते के पैरों को रस्सी से बांधकर उसे विद्युत ट्रांसफार्मर पर फेंक दिया। उच्च वोल्टेज करंट की चपेट में आने से कुत्ता मौके पर ही झुलस गया और तड़पते हुए उसकी मौत हो गई।
यह दर्दनाक दृश्य देखकर कुत्ते का मालिक बेसुध हो गया। वह सड़क पर बैठकर अपने पालतू को गोद में लेकर फूट-फूटकर रोने लगा। उसकी चीखें सुनकर आसपास के लोग भी भावुक हो उठे और कई की आंखें नम हो गईं।
घटना उस समय हुई जब कुछ लोग सुबह टहल रहे थे। अचानक ट्रांसफार्मर से चिंगारियां और जोरदार आवाज सुनाई दी। जब लोग पास पहुंचे तो देखा कि एक कुत्ता रस्सी से बंधा हुआ झुलसकर करंट की जद में लटका हुआ था। स्थानीय लोगों ने मिलकर शव को नीचे उतारा और घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कुत्ते का मालिक ने बताया कि यह पालतू कई सालों से परिवार का हिस्सा था और सभी उससे बेहद प्यार करते थे। उसकी मौत से पूरा परिवार टूट गया है। स्थानीय लोग और पशुप्रेमी संगठनों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।
भांकरोटा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना अधिकारी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान जल्द कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। मामला भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है।

