











कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामेश्वर डूडी का निधन, लंबे समय से थे कोमा में
R.खबर ब्यूरो। राजस्थान कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व विधानसभा नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी का शुक्रवार देर रात निधन हो गया। वे पिछले दो साल से ब्रेन स्ट्रोक के बाद कोमा में थे और बीकानेर स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। डूडी के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। उनका अंतिम संस्कार आज (4 अक्टूबर) सुबह 11 बजे बीकानेर के पूगल रोड स्थित बगेची में होगा।
राजस्थान की राजनीति में बड़ा नाम:-
नोखा के बिरमसर गांव में जन्मे रामेश्वर डूडी का राजनीतिक सफर पंचायत से शुरू हुआ और वे कांग्रेस के दिग्गज नेताओं की सूची में शामिल हो गए। वे पंचायत समिति प्रधान, जिला प्रमुख, विधायक, सांसद और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहे। उन्हें प्रदेश में किसानों की बुलंद आवाज माना जाता था। साल 2023 के विधानसभा चुनाव में उनकी पत्नी सुशीला डूडी ने जीत दर्ज की थी और वर्तमान में वे नोखा से विधायक हैं।
अगस्त 2023 में रामेश्वर डूडी को ब्रेन हैमरेज हुआ था। उन्हें पहले जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, फिर इलाज के लिए दिल्ली के मेदांता अस्पताल शिफ्ट किया गया। हाल ही में उन्हें बीकानेर लाया गया था।
गहलोत ने जताया शोक:-
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने डूडी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा, “करीब 2 साल तक बीमार रहने के बाद इतनी अल्पायु में उनका जाना बेहद दुखद और मेरे लिए व्यक्तिगत आघात है।”

