देर रात घर के बाहर फायरिंग से फैली सनसनी, कार का कांच चीरती हुई अंदर गई गोली
जयपुर। झोटवाड़ा क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी कार पर फायर किए जाने का मामला सामने आया है। गोली चालक साइड की तरफ कांच में छेद करती हुई अंदर गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार से मिले खोल को कब्जे में लिया और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गई। पीड़ित श्रीराम कॉलोनी, झोटवाड़ा निवासी सत्यनारायण सैनी के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। जिसे सुनकर बेटा वैभव और उसकी मां बाहर आए। उन्होंने देखा कि कार की चालक साइड के कांच में छेद था। अंदर जांच करने पर कार के पायदान पर कारतूस का खोल पड़ा मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

