बीकानेर: झपटमार गैंग का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार-एक फरार, 20 वारदातें कबूलीं
बीकानेर। शहर में लगातार बढ़ रही झपटमारी की घटनाओं पर नकेल कसते हुए गंगाशहर थाना पुलिस ने झपटमार गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है। थानाधिकारी परमेश्वर सुथार के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सर्वोदय बस्ती निवासी समीर उर्फ बच्चिया, लूणकरणसर हाल बजरंग धोरा निवासी वसीम तथा फड़ बाजार निवासी दीपक शामिल हैं। गैंग का चौथा सदस्य अल्ताफ फरार है, जिसकी तलाश के लिए टीम गठित की गई है। पुलिस के मुताबिक 26 नवंबर को घड़सीसर रोड पर सरस्वती नगर निवासी खलील अहमद से मारपीट कर 20 हजार रुपए लूटे गए थे। शिकायत के बाद पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने शहर में करीब 20 झपटमारी की वारदातों को कबूल किया है। गैंग सुबह पांच बजे राहगीरों को आधार कार्ड दिखाने के बहाने रोकता और मौका मिलते ही नकदी व मोबाइल छीन लेता था। पुलिस अब गिरोह से संबंधित अन्य मामलों की जांच कर रही है। साथ ही फरार आरोपी अल्ताफ की तलाश के लिए विशेष टीम लगाई गई है।

