श्रीगंगानगर: गैस सिलेंडर फटने से हुआ जोरदार धमाका, किराने की दुकान जलकर राख, 8 लाख का नुकसान

R.खबर ब्यूरो। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ क्षेत्र के गांव सलेमपुरा में शनिवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब 4 बजे एक किराना दुकान में शॉर्ट सर्किट के चलते अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेज थी कि मिनटों में दुकान में मौजूद गैस सिलेंडर भी उसकी चपेट में आ गया और जोरदार विस्फोट के साथ फट गया। धमाके से दुकान की दीवारों और छत में दरारें तक पड़ गईं।

सिलेंडर विस्फोट से हाहाकार:-  

दुकान मालिक रामचंद्र और उनका बेटा अनुज (22) ग्रामीणों की सूचना पर तत्काल पहुंचे। अनुज ने बताया, “शटर खोलते ही अंदर धुआं और लपटें दिखाई दीं। कुछ ही देर में गैस सिलेंडर फट गया। विस्फोट ने दुकान के पूरे ढांचे को हिला दिया।”

2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू:-

आग तेजी से फैलने लगी तो पानी के टैंकर मंगवाए गए। ग्रामीणों व परिवार की मदद से करीब दो घंटे की मेहनत के बाद आग बुझाई जा सकी। तब तक दुकान में रखा किराना और नरमा (कपास) सहित लगभग सारा सामान जल चुका था। अनुज के मुताबिक, उन्हें 7–8 लाख रुपये का भारी नुकसान हुआ है।

पुलिस जांच जारी:-

सूचना मिलते ही समेजा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दुकान में इतनी मात्रा में ज्वलनशील नरमा क्यों रखा हुआ था।