जोधपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट में तकनीकी खराबी, लैंडिंग से पहले भरी दोबारा उड़ान, 15 मिनट तक यात्री रहे दहशत में
R.खबर ब्यूरो। जोधपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की सांसें उस समय थम-सी गईं जब मुंबई से आ रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E 274 में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। लैंडिंग से ठीक पहले विमान को वापस हवा में उड़ान भरनी पड़ी और करीब 10 से 15 मिनट तक आसमान में चक्कर लगाने पड़े। इस दौरान यात्रियों में घबराहट और दहशत का माहौल बन गया।
हालांकि पायलट की सूझबूझ से स्थिति पर नियंत्रण पाया गया और विमान को सुरक्षित रूप से रनवे पर उतारा गया।
यह फ्लाइट मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दोपहर 12:19 बजे रवाना हुई थी और जोधपुर में 1:50 बजे लैंड करने का समय तय था। तकनीकी समस्या के चलते विमान अंततः लगभग 36 मिनट की देरी से उतरा। राहत की बात रही कि सभी यात्री सुरक्षित रहे।

