निर्माणाधीन मकान की अचानक भरभराकर ढही दीवार, 3 मजदूरों की मौत; 6 गंभीर घायल
R.खबर ब्यूरो। राजस्थान के सिरोही जिले के पिंडवाड़ा में रोहिड़ा थाना क्षेत्र के भारजा गांव में सोमवार, 4 अगस्त 2025 को एक दर्दनाक हादसा हो जानें की खबर सामने आई है। जंहा निर्माणाधीन मकान की दीवार ढहने से 3 मजदूरों की मौत हो गई, जिनमें दो महिलाएं शामिल थीं। बताया जा रहा है कि इस हादसे में करीब 6 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें आबूरोड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
यह घटना भारजा गांव के पास एक पहाड़ी क्षेत्र में हुई, जहां निर्माण कार्य चल रहा था। जानकारी के अनुसार, निर्माणाधीन भवन की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसके नीचे कई मजदूर दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही रोहिड़ा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस ने मलबे से शवों को निकालकर रोहिड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद आबूरोड अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि दीवार की मजबूती और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता में कमी के कारण यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के समय कई मजदूर दीवार के पास काम कर रहे थे। अचानक दीवार ढहने से मजदूरों को संभलने का मौका नहीं मिला। कुछ मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका के चलते बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है।