Weather Update: 27 नवंबर से 3 दिसंबर तक राजस्थान में कड़ाके की ठंड के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
R.खबर ब्यूरो। राजस्थान, सर्दी से कुछ दिन की राहत मिलने के बाद राजस्थान के कई इलाकों में एक बार फिर कड़ाके की ठंड लौटने वाली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले दो सप्ताह का पूर्वानुमान जारी करते हुए चेतावनी दी है कि 27 नवंबर से 3 दिसंबर के बीच पश्चिमी राजस्थान में शीतलहर का असर तेज रहेगा। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री कम रहने की संभावना है।
IMD के अनुसार 22 नवंबर को बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने जा रहा है, जो 24 नवंबर तक डिप्रेशन में बदल सकता है। इसका अप्रत्यक्ष प्रभाव राजस्थान के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है।
माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस दर्ज:-
उत्तर भारत से आने वाली सर्द हवाओं का असर पिछले दिनों थोड़ा कम हुआ था, जिसके चलते सीकर, चूरू, झुंझुनूं और माउंट आबू सहित कई शहरों में रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। गुरुवार को माउंट आबू का न्यूनतम तापमान बढ़कर 1°C पर दर्ज हुआ, जो जमाव बिंदु से थोड़ा ऊपर है।
सबसे अधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में दर्ज:-
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में दिन का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.5°C बाड़मेर में रिकॉर्ड हुआ। वहीं सिरोही का दिन सबसे ठंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान 23.6°C दर्ज किया गया।
न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 या 3 डिग्री नीचे रहने का अनुमान
मौसम केंद्र जयपुर के अनुमान के मुताबिक, 4 दिसंबर तक दिन का तापमान सामान्य के आसपास रहेगा, जबकि रात का पारा सामान्य से 2–3 डिग्री नीचे रह सकता है। इससे सुबह-शाम ठिठुरन और बढ़ने के आसार हैं।

