ऑनलाइन शॉपिंग के पैसे देने से मां ने किया मना तो नाराज बेटी ने उठाया ये खौफनाक कदम, टेंशन में आ गए परिजन

R.खबर ब्यूरो। श्रीगंगानगर, ऑनलाइन गेमिंग या मोबाइल की लत के कारण बच्चों के घर छोड़ने की खबरें अक्सर सामने आती हैं, लेकिन इस बार मामला कुछ अलग है। हरियाणा के हिसार की एक किशोरी केवल इसलिए घर से निकल पड़ी क्योंकि उसकी मां ने ऑनलाइन ऑर्डर किए कपड़ों के पैसे देने से इनकार कर दिया।

नाराज होकर घर से निकली यह किशोरी श्रीगंगानगर रेलवे स्टेशन पर बदहवास हालत में घूमती मिली, जहां रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों ने उसे सुरक्षित बचा लिया।

जानकारी के अनुसार, किशोरी के परिजनों ने 3 नवंबर को हिसार कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। अगले दिन 4 नवंबर को आरपीएफ जवानों ने स्टेशन पर उसे देखा और समझाकर थाने ले गए। चूंकि बालिका नाबालिग थी, इसलिए थाना प्रभारी ने उसे बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष पेश किया।

समिति की पूछताछ में किशोरी ने बताया कि उसने कुछ कपड़े ऑनलाइन ऑर्डर किए थे, लेकिन मां ने पैसे देने से मना कर दिया। इस पर नाराज होकर वह बिना बताए घर से निकल गई और ट्रेनों में सफर करते हुए श्रीगंगानगर पहुंच गई।

समिति अध्यक्ष जोगेन्द्र कौशिक ने बताया कि बालिका की सूचना तुरंत हिसार पुलिस को दी गई। बुधवार सुबह बालिका के परिजन पुलिस के साथ श्रीगंगानगर पहुंचे और उसकी पहचान की। आरपीएफ जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर डूंगर सिंह ने सभी दस्तावेज समिति के समक्ष प्रस्तुत किए। किशोरी ने घर लौटने की इच्छा जताई, जिसके बाद समिति ने उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।