बीकानेर: एक क्लिक से पता लगेगा नहर में कहां कितना पानी
इंदिरा गांधी नहर में पानी की चोरी रोकने के लिए अब स्काडा सिस्टम से बूंद-बूंद पर नजर रखी जाएगी। सुपरवाइजरी कंट्रोल एंड डेटा एक्विजिशन (स्काडा) एक कंप्यूटर आधारित प्रणाली है जो औद्योगिक प्रक्रियाओं की निगरानी करने, उपकरणों को नियंत्रित करने और वास्तविक समय में डेटा एकत्र करने के लिए उपयोग की जाती है। राजस्थान में इस नहर की लम्बाई 470 किलोमीटर है। मुख्‍य शाखा या मेन कैनाल 256 किलोमीटर लंबी है जबकि वितरिकाएं 5606 किलोमीटर और इसका सिंचित क्षेत्र 19.63 लाख हेक्‍टेयर है। इसकी मेनफीडर 204 किलोमीटर लंबी है जिसका 35 किलोमीटर हिस्‍सा राजस्‍थान व 170 किलोमीटर हिस्‍सा पंजाब व हरियाणा में है। राजस्थान में 5600 किमी इलाका होने के कारण इस पर पानी की निगरानी रखना बहुत जरूरी है। ऐसा नहीं कि यहां स्काडा पहली बार लग रहा है लेकिन पुराना सिस्टम बंद हो चुका। इसलिए नए सिरे से इसकी शुरूआत वापस की जा रही है। इसके लिए करीब 44 करोड़ा का टेंडर लगाया है। जिस फर्म को काम मिला है वो भी यहां अपना स्ट्रचर तैयार करने में जुटी है।