बीकानेर: खेत में मोटर बंद करते समय महिला की मौत, गीले हाथों से स्विच छूने पर लगा करंट
लूणकरणसर में खेत में मोटर बंद करते समय करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार दोपहर की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, चक 06 बी.एच.एम कांकड़वाला निवासी देशराज पुत्र रामनारायण बिश्नोई ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी 33 वर्षीय पत्नी संध्या शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे खेत में गाय को पानी पिला रही थीं। पशुओं को पानी पिलाने के बाद संध्या ने गीले हाथों से मोटर का स्विच बंद करने का प्रयास किया। खेत में हरा चारा काटने के कारण उनके हाथ और कपड़े गीले थे, और इसी दौरान उन्हें करंट लग गया। करंट लगने से संध्या गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें तुरंत लूणकरणसर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। संभवतः उनकी मौत मौके पर ही हो गई थी। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।

