सुबह घर से लापता हुआ युवक, चंद घंटे बाद तालाब में मिला शव, मोबाइल में मिला संदेश

R.खबर ब्यूरो। राजस्थान, करौली जिले के हिण्डौनसिटी शहर की पुरानी आबादी के केशवपुरा के खातीपाड़ा से लापता युवक का शव कुछ ही घंटों बाद जलसेन तालाब में मिला। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। करौली से आई सिविल डिफेंस टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर राष्ट्रीय उद्यान के पीछे कसेरू घाट के पास से युवक का शव बरामद किया। मृतक की पहचान खातीपाड़ा निवासी दीपक (25) पुत्र महेश स्वर्णकार के रूप में हुई है।

घटना के संबंध में मृतक के पिता ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिजनों के अनुसार दीपक सराफा बाजार में सोने-चांदी के आभूषण बनाने का कार्य करता था। वह सुबह करीब 5 बजे उसके पिता महेश और मां निर्मला मंगला आरती के लिए मंदिर गए थे। पौने छह बजे लौटने पर दीपक घर पर नहीं मिला। उन्होंने सोचा कि वह रोजाना की तरह मछलियों को आटा खिलाने तालाब की ओर गया होगा।

लेकिन जब छोटे बेटे से पूछा गया तो उसने भी दीपक के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। इस बीच, दीपक के मोबाइल में एक वीडियो संदेश मिलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर थाना अधिकारी महेंद्र चौधरी व एएसआई रामखिलाड़ी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से नाव मंगवाकर तलाशी शुरू करवाई गई, लेकिन प्रारंभिक प्रयास असफल रहे। इसके बाद करौली से सिविल डिफेंस टीम को बुलाया गया, जिसने गहन तलाशी के बाद युवक का शव पानी से बाहर निकाला। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

फिलहाल, युवक के तालाब में गिरने के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस मोबाइल में मिले वीडियो संदेश और परिस्थितियों की जांच कर रही है। परिजनों के अनुसार दीपक अविवाहित था। मौके पर मिली उसकी चप्पलें इस बात की पुष्टि करती हैं कि वह आखिरी बार कसेरू घाट की सीढ़ियों के पास गया था। अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी प्रदीप डागुर के नेतृत्व में सिविल डिफेंस टीम ने रेस्क्यू कार्य पूर्ण कर शव को बाहर निकाला।