स्टाम्प ड्यूटी को लेकर कई घोषणाएं, बेटी-बहू के नाम पर सम्पत्ति की गिफ्ट डीड करने पर लगने वाली स्टाम्प ड्यूटी खत्म

R खबर, मुख्यमंत्री ने बजट भाषण में स्टाम्प ड्यूटी को लेकर कई घोषणाएं की है। इसके सबसे प्रमुख घोषणा छोटी प्रोपर्टी की खरीद पर लगने वाली स्टाम्प ड्यूटी को कम किया है। 100 वर्गगज तक के भूखण्ड या बने हुए मकान की खरीद पर लोगों को अब स्टाम्प ड्यूटी में एक फीसदी की छूट मिलेगी। किसी तरह की सम्पत्ति अपने घर के बुजुर्ग के नाम खरीदते हो तो उस पर भी स्टाम्प ड्यूटी के अलावा रजिस्ट्री फीस में भी रियायत दी है।

इन छूट का मिलेगा अगले साल तक फायदा :-

मुख्यमंत्री ने पिछले बजट में 50 लाख रुपए तक के फ्लैट खरीद पर स्टाम्प ड्यूटी को 6 फीसदी से कम करके 4 फीसदी किया है, इस छूट की अवधि को मार्च 2022 से बढ़ाकर मार्च 2023 करने की घोषणा की है। वर्तमान में इस निर्णय से 50 लाख रुपए की कीमत का फ्लैट खरीदने वालों को 1.30 लाख रुपए का फायदा मिल रहा है।

50 वर्गगज तक के कॉमर्शियल भूखण्ड पर स्टाम्प ड्यूटी पर एक फीसदी की छूट देने की घोषणा की है।

पेरेंटल (पैतृक सम्पत्ति) प्रोपर्टी जिसकी मार्केट कीमत 10 लाख रुपए से ज्यादा है उसका हकत्याग करने पर स्टाम्प ड्यूटी 5 हजार रुपए लगती है जिसे कम करके अब 500 रुपए कर दिया है।

सरकार ने अब बेटी-बहू के नाम पर सम्पत्ति की गिफ्ट डीड करने पर लगने वाली स्टाम्प ड्यूटी को खत्म कर दिया है। वर्तमान में इस मामले में स्टाम्प ड्यूटी 1 फीसदी (अधिकतम 1 लाख रुपए) ली जाती थी।