जयपुर, कोरोना महामारी देश में विकराल रूप ले रही है, जिसकी वजह से देश के सभी मजदूर वर्ग के लोग किसी भी काम पे नही जा पा रहे है। सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री मा. भंवरलाल मेघवाल ने कहा है कि लॉकडाउन के कारण राज्य में फंसे हुए प्रवासी श्रमिकों को गन्तव्य स्थान तक पहुंचाने पर होने वाले परिवहन व्यय को राज्य सरकार द्वारा वहन किया जायेगा।
सामाजिक न्याय मंत्री ने कहा है कि मजदूर देश की धुरी हैं, ये रूक गए तो देश रूक जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निर्देशानुसार आपदा प्रबंधन एवं सहायता विभाग द्वारा इस संबंध में आदेश जारी कर दिये गये हैं कि प्रवासी श्रमिकों की रेल एवं बस यात्रा का भुगतान निर्बंध कोष से किया जायेगा तथा किसी भी श्रमिक से किराया वसूल नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा है कि विशेष यात्री रेल एवं बसों के समस्त यात्रियों के किराये का भुगतान जिला कलक्टर द्वारा निर्बंध कोष से किया जायेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के अथक प्रयासों से लाखों मजदूरों को इस संकट की घड़ी में अपने घर जाने का मौका मिल रहा है।