












बीकानेर में गरबा कार्यक्रम में छेड़छाड़, दो पक्ष भिड़े, पत्थरबाजी में कई पुलिसकर्मी घायल
बीकानेर में देर रात गरबा कार्यक्रम में छेड़छाड़ की घटना के बाद दो पक्ष भिड़ गए। इसके बाद हुई पत्थरबाजी में सीओ सिटी सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। मामला नया शहर थाना क्षेत्र के बेनीसर बाड़ी का है। एडिशनल एसपी सौरभ तिवाड़ी ने बताया मौके से 4 से 5 लोगों को हिरासत में लिया गया है। विवाद विधायक जेठानंद व्यास के घर के पास हुआ। हंगामे के दौरान विधायक भी वहीं मौजूद थे। वे लोगों से समझाइश करते नजर आए। जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत रात 10:30 बजे गरबे से हुई थी। आरोप था कि बेनीसर में हो रहे गरबे में आकर पास के मोहल्ले में रहने वाले कुछ लड़के गरबा खेल रहीं युवतियों से छेड़छाड़ कर रहे थे। कुछ लोगों ने उन्हें टोका तो धक्का-मुक्की हो गयी। करीब आधे घंटे बाद रात करीब 11 बजे दोबारा कुछ लड़के आए और झगड़ा करने लगे। इतने में ही कुछ लोगों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। आरोप है कि विवाद के दौरान आसपास के घरों से पत्थर और टाइल्स फेंके गए। कुछ अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं। इससे पहले हुई पत्थरबाजी में एक महिला सहित कुछ स्थानीय लोगों के चोट आई है। पत्थरबाजी में पुलिस जीप का कांच टूट गया। इस बीच और भी कई गाड़ियों को निशाना बनाया गया। मौके पर खड़ी एक पक्ष की बाइक को भी हमलावरों ने तोड़ दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है अधिकतर पत्थरबाजों की पहचान कर ली गई है। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 
 