R.खबर ब्यूरो। कोटा जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जंहा सुल्तानपुर में शनिवार को एक केमिकल फैक्ट्री से गैस रिसाव के चलते स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। शुरूआती जानकारी के अनुसार इस घटना में एक दर्जन के आसपास स्कूली बच्चे बेहोश हो गए, जबकि कुल 25 बच्चों की तबीयत बिगड़ने की सूचना है। प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है और हालात पर नजर बनाए हुए है।
जानकारी के अनुसार यह घटना सीएफसीएल (चंबल फर्टिलाइजर) के गड़ेपान प्लांट में हुई, जहां से अमोनिया गैस का रिसाव हुआ। उसी समय गड़ेपान स्कूल में पढ़ाई चल रही थी। गैस रिसाव के कारण बच्चों को घुटन महसूस होने लगी, कुछ की हालत गंभीर हो गई और वे बेहोश होकर गिरने लगे।
घटनास्थल पर मची अफरा-तफरी:-
डीएसपी राजेश ढाका ने बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे कुछ छात्राएं स्कूल परिसर से बाहर पानी भरने गई थीं। लौटने पर उन्हें घुटन महसूस हुई और उन्होंने स्टाफ को इसकी जानकारी दी। इसके बाद करीब 11:30 बजे कई और बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
वहीं, स्कूल प्रिंसिपल रंजना शर्मा ने बताया कि सुबह प्रेयर चल रही थी, तभी फैक्ट्री से गैस रिलीज की गई। इससे कुछ बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। हमने फैक्ट्री प्रबंधन से बात की, तो उन्होंने बताया कि यह सामान्य प्रक्रिया है और गैस रिलीज को कम किया गया।