दशहरे से पहले सरकारी कर्मचारियों को मिल सकती है खुशखबरी, कैबिनेट मीटिंग में होगा ये बड़ा फैसला!

दशहरे से पहले सरकारी कर्मचारियों को मिल सकती है खुशखबरी, कैबिनेट मीटिंग में होगा ये बड़ा फैसला!

जयपुर। राजस्थान में तबादलों से प्रतिबंध हटने का इंतजार कर रहे सरकारी कर्मचारियों को दशहरे से पहले बड़ी खुशखबरी मिल सकती है। चर्चा है कि इसी महीने होने वाली भजनलाल कैबिनेट मीटिंग में तबादलों पर से प्रतिबंध हटाने को लेकर बड़ा निर्णय हो सकता है। हालांकि, इसी महीने में दो बार कैबिनेट मीटिंग स्थगित होने से तबादलों की आस लगाए बैठे कर्मचारियों का इंतजार थोड़ा लंबा हो गया है।

बता दें कि राजस्थान में भजनलाल सरकार ने फरवरी में 10 दिन के लिए तबादलों पर से प्रतिबंध हटाया गया था। लेकिन, उस समय शिक्षा विभाग में तबादले नहीं किए गए थे। ऐसे में अब सरकारी शिक्षकों को तबादलों पर से रोक हटने की उम्मीद जगी है। माना जा रहा है कि इस बार कैबिनेट मीटिंग में तबादलों से प्रतिबंध हटाने पर फैसला लिया जा सकता है।

राज्य सरकार पर तबादलों पर से प्रतिबंध हटाने को लेकर विधायकों, मंत्रियों व पार्टी से जुड़े लोगों का दबाव है। मंत्री-विधायकों के दबाव के चलते भजनलाल सरकार तबादलों पर से रोक हटाने के लिए गंभीरता से विचार कर रही है। पार्टी के नेताओं का कहना है कि सरकार बदले 10 महीने हो गए है। लेकिन आज भी वे लोग दूर-दूर ही बैठे हैं, जिनका कांग्रेस सरकार ने तबादला किया था। ऐसे में लगातार शिक्षा सहित अन्य विभागों में तबादलों पर से प्रतिबंध हटाने की मांग की जा रही है।