R खबर, पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने मंगलवार को नई दिल्ली में संसद भवन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि राजे ने 4 राज्यों में भाजपा की जीत पर नड्डा को बधाई दी और आने वाले राज्यों में भाजपा की जीत के लिए शुभकामनाएं दीं।
सूत्रों ने कहा, दोनों नेताओं ने राजस्थान में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों पर चर्चा की साथ ही अन्य मुद्दों पर चर्चा की। भाजपा विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के अंदर सब ठीक करना चाहती है और राज्य में किसी भी तरह की अंदरूनी कलह नहीं चाहती जिससे पार्टी की चुनावी संभावनाओं को नुकसान पहुंचे।
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी सहित भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष से भी मुलाकात की थी। उन्होंने देहरादून में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ समय से दिल्ली से दूरी बनाकर रखने वाली वसुंधरा राजे इस समय एक्शन में हैं। उनकी पिछले एक हफ्ते में न केवल दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात हुई है, बल्कि वह भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात कर चुकी हैं। वसुंधरा का बदला यह रूप कई सारे राजनीतिक संकेत दे रहा है।
वसुंधरा राजे की इस सक्रियता की सबसे बड़ी वजह 2023 में राजस्थान में होने वाले विधानसभा चुनाव हैं। अब चुनावों में करीब 20-21 महीने बचे हैं, तो ऐसे में वह केंद्रीय नेतृत्व के साथ अपने रिश्ते मजबूत करने की कोशिश में हैं। जिससे कि उन्हें भाजपा, मुख्यमंत्री उम्मीदवार के रूप में घोषित कर सके। हालांकि ऐसा होना आसान नहीं है। क्योंकि जिस तरह से राजस्थान में उनकी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया के बीच संबंध हैं, उससे साफ है कि वसुंधरा राजे के लिए 2018 जैसी परिस्थतियां नहीं है। जब वह न केवल मुख्यमंत्री थी, बल्कि उन्हीं के चेहरे पर चुनाव लड़ा गया था।वसुंधरा राजे और केंद्रीय नेतृत्व के बीच रिश्ते हमेशा से खट्टे-मीठे रहे हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में जब नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा को बहुमत मिला था, उस वक्त राजस्थान की 25 लोकसभा सीटों में से 25 पर भाजपा जीतीं थी। उस वक्त वसुंधरा राजे का एक बयान काफी चर्चा में आया था।
उन्होंने एक रैली में जनता को संबोधित करते हुए कहा था ‘लोकसभा चुनाव में आपने 25 सांसद भेजे और विधानसभा चुनाव में 163 विधायक जिताए। किसी व्यक्ति को यह गुमान नहीं होना चाहिए कि ये जीत उसकी वजह से मिली है। जनता जिताने निकलती है तो दिल खोलकर और हराने निकलती है तो घर भेज देती है।’
राजस्थान में वसुंधरा राजे गुट खुल कर 2023 के लिए उन्हें मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करने की मांग कर रहा है। इसी बीच प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया को केंद्रीय नेतृत्व और केंद्रीय मंत्रियों से मिल रहे समर्थन के बीच, वसुंधरा राजे ने प्रदेश भाजपा के कार्यक्रमों से दूरी बना रखी है। हालांकि वह अपनी ताकत का अहसास कराने के लिए वह देव-दर्शन और जन्मदिन के बहाने राजस्थान में दौरे कर अपना शक्ति प्रदर्शन कर रही हैं। और उनको देख सतीश पूनिया ने भी देव-दर्शन और रैलियों की शुरूआत कर दी है। इसके अलावा राजस्थान में हुए विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने वसुंधरा को चुनाव प्रचार के लिए नहीं बुलाया गया। अब ये देखना है कि वसुंधरा राजे की शीर्ष नेताओं से मुलाकातें व बढ़ती सक्रियता क्या गुल खिलाती हैं।