मंत्री सुमित गोदारा के सामने भिड़े भाजपा नेता, देहात महामंत्री का पैर टूटा

मंत्री सुमित गोदारा के सामने भिड़े भाजपा नेता, देहात महामंत्री का पैर टूटा
हनुमानगढ़। कैबिनेट मंत्री और जिला प्रभारी मंत्री सुमित गोदारा के सामने 2 भाजपा नेता भिड़ गए। मामला इतना बढ़ा कि नोकझोंक मारपीट में बदल गई। इस दौरान एक भाजपा नेता का पैर टूट गया और अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा। मंत्री के साथ फोटो खिंचवाने को लेकर दोनों नेताओं में कहासुनी हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। दरअसल, वन महोत्सव कार्यक्रम के तहत खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा बुधवार सुबह 11.30 बजे कोहला स्थित पेट्रोल पंप पहुंचे। यहां भाजपा देहात मंडल और भाजयुमो के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान मंत्री के साथ फोटो खिंचवाने को लेकर भाजयुमो जिलाध्यक्ष सुशील जोशी और भाजपा देहात मंडल महामंत्री दयाराम शर्मा के बीच नोकझोंक हो गई। मामला बढ़ने पर मंत्री सुमित गोदारा मौके से रवाना हो गए। मंत्री के रवाना होते ही दोनों पक्ष भिड़ गए। मामला इतना बढ़ा कि मारपीट होने लगी। मारपीट में भाजपा देहात मंडल महामंत्री दयाराम शर्मा का पैर फ्रैक्चर हो गया। इस पर उनको जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया।