rkhabar
rkhabar
rkhabar

rkhabar
rkhabar
rkhabar
rkhabar
rkhabar
rkhabar
rkhabar
rkhabar

गठरी में मिले महिला के शव की गुत्थी सुलझी, हत्या करके फेंका गया था शव

बीकानेर। छत्तरगढ़ इलाके में मिले महिला के शव की गुत्थी पुलिस 24 घंटे में ही सुलझाने के करीब पहुंच गई है। मृतका की पहचान हो गई है। आशंका है कि किसी ने मौत के घाट उतारकर शव को ठिकाने लगाने के लिहाज से नहर किनारे फेंका था। पुलिस पति को थाने में बैठाकर पूछताछ कर रही है। खाजूवाला के सीओ अमरजीत चावला के मुताबिक मृतका का नाम गगनदीप है। उसने कुछ समय पहले ही अनूपगढ़ निवासी जगजीत सिंह के साथ प्रेम विवाह किया था। बताया जाता है कि यह गगनदीप की दूसरी शादी थी। आशंका के आधार पर पति जगजीत से पूछताछ की जा रही है। दूसरी ओर अब तक मिली जानकारी के मुताबिक पति-पत्नी में गृह क्लेश अत्यधिक बढ़ गया जिसका नतीजा इस मौत तक पहुंच गया।

दरअसल बीकानेर जिले के छत्तरगढ़ इलाके के सत्तासर में नहर की 600 आरडी के निकट झाड़ियों में एक महिला का शव मिला था। एक चद्दर में लिपटे महिला के शव के दोनों हाथ बंधे थे। सूचना मिलते ही मौके पर छत्तरगढ़ एसएचओ संदीप कुमार के साथ ही सीओ अमरजीत चावला भी मौके पर पहुंचे थे। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। मृतका की पहचान के प्रयास के साथ पुलिस छानबीन में हत्या की कहानी सामने आ रही है।