खाजूवाला, श्री गुरू जम्भेश्वर मन्दिर 2 कालुवाला में मंगलवार को रात्री जागरण हुआ। जिसमें स्वामी रामाचार्य महाराज द्वारा श्री गुरू जम्भेश्वर भगवान के भजन, आरती, साखी का गायन किया गया। स्वामी रामाचार्य महाराज ने कहा कि हमें अपने जीवन को सफल बनाने के लिये श्री गुरू जम्भेश्वर भगवान द्वारा बताये मार्ग पर चलना चाहिए। गुरू जम्भेश्वर भगवान के बताये 29 नियमों पर चलकर मनुष्य अपना जीवन सार्थक बना सकता है।
भगवान श्री गुरू जम्भेश्वर 12 करोड़ जीवों के उद्धार के लिये मरुभूमि में अवतार लिया। श्री गुरू जम्भेश्वर भगवान ने पर्यावरण के प्रति हमें आज से सैंकड़ों वर्ष पहले सचेत कर दिया था। मनुष्य को अपने जीवन में किसी प्रकार का नशा नहीं करना चाहिए। नशा करने से मनुष्य की बुद्धिभृष्ट हो जाती है। पेड़ पौधों व जीवों के प्रति दया भाव रखना चाहिए। भगवान श्री कृष्ण व भगवान जाम्भोजी ने भी गांये चराई थी। हर मनुष्य को अमावस्या का व्रत निराहार रहकर रखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि रसोई घर, पूजा घर में चप्पल जूते नहीं ले जाने चाहिए। चप्पल जूतों के लिए बाहर अलग से व्यवस्था होनी चाहिए। मनुष्य जीवन मे कभी किसी की चुगली नींदा नहीं करनी चाहिए। किसी का बुरा करना तो दूर की बात किसी के प्रति बुरा नहीं सोचे। मनुष्य जीवन में दोनों समय संध्यावंदन करनी चाहिए। शाम को परिवार के सदस्य मिलकर भगवान की आरती, भजन, महिमा का गायन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें अपने जीवन को परोपकार में लगाना चाहिए। रात्री जागरण में चेनप्रकाश महाराज, विवेकानंद महाराज, वी पी धारणियां ने श्री गुरू जम्भेश्वर भगवान के भजन साखी आरती का गायन किया।
इस दौरान भामाशाह सावित्री देवी ने मन्दिर परिसर में कमरा बनवाने की घोषणा की। वहीं सरपंच प्रतिनिधि कालूराम भाटी ने वाटर कूलर लगाने की घोषणा की। बुधवार सुबह सूर्योदय के साथ ही विशाल यज्ञ किया गया। जिसमें सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने आहुति दी व क्षेत्र की खुशहाली की कामना की गई। कार्यक्रम में निस्वार्थ भाव से सेवा करने वाले गोपाल को, सरकारी सेवाओं में चयनित होने वाले अभ्यर्थियों व विभिन्न सामाजिक सेवाओं में योगदान देने वालों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा के सदस्य रामधन बिश्नोई, पूर्व क्षेत्रीय वन अधिकारी हनुमान गोदारा, जिला कार्यकारिणी सदस्य ओमप्रकाश ज्याणी, प्रशान्त सियाग, सुनील सियाग, हनुमान डूडी, सुनील सहारण, राजेन्द्र डारा, देवेन्द्र भादू सहित सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने लिया। कार्यक्रम में आये हुए अतिथियों का मन्दिर कमेटी अध्यक्ष रामस्वरूप पंवार व सचिव विष्णु डूडी ने आभार जताया।